राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ में “गृह विज्ञान’ प्रोजेक्ट का शुभारंभ

राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ में गृह विज्ञान प्रोजेक्ट का शुभारंभ
राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ परिसर में गृह विज्ञान प्रोजेक्ट का भव्य शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रेणु जी राकां रहीं। अध्यक्षता श्रीमती ज्योत्सना सक्सैना जी (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य) ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रकाश जी नागौरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ, जिससे अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
संस्था सचिव श्री सी.पी. श्रीवास्तव जी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था की निरंतर प्रगति और नवीन योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थी, संस्थापधाधिकारी एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य धर्मराज गुर्जर ने किया।
गृह विज्ञान प्रोजेक्ट के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन कौशल प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ स्वावलंबी जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

https://www.youtube.com/post/Ugkxgo6ItxWS4ed4X181GBcWODngTj4UmjVm

“रोमांच, आनंद और यादों से भरी पिकनिक”

🎉 रोमांच, आनंद और यादों से भरी पिकनिक 🎉
राजस्थान नेत्रहीन विद्यालय के विद्यार्थियों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पिकनिक का भरपूर आनंद उठाया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों का दल जयपुर से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित सनराइज वाटर पार्क एवं रिसोर्ट पहुँचा,जो अपनी भव्यता, हरियाली और मनोरम वातावरण के लिए प्रसिद्ध है।
सुबह-सुबह उत्साह से भरे विद्यार्थियों का स्वागत स्वादिष्ट नाश्ते से हुआ।
गरमागरम पकौड़ी,चाय और कोल्ड ड्रिंक ने यात्रा की थकान पलभर में दूर कर दी।
इसके बाद शुरू हुआ मस्ती और रोमांच का सिलसिला। विद्यार्थियों ने इनडोर एक्टिविटीज़ के साथ-साथ ऊँटगाड़ी राइड और हॉर्स राइड का खूब आनंद लिया,जो उनके लिए एक अनोखा अनुभव रहा।
रिसोर्ट का स्विमिंग पूल विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहा।
रंग-बिरंगी स्लाइड्स पर फिसलते हुए बच्चों की हँसी पूरे वातावरण को जीवंत बना रही थी।
डीजे पर बजते राजस्थानी गीतों पर विद्यार्थियों ने जमकर नृत्य किया और पिकनिक के हर पल को यादगार बना दिया।
रिसोर्ट की प्रसिद्ध ऑक्सीजन वैली अपनी प्राकृतिक सुंदरता से सभी को मोहित कर गई।
झूले, मंकी माउस, ट्रेन राइड जैसी गतिविधियों ने बच्चों के उत्साह को और बढ़ा दिया। दोपहर के भोजन में स्वादिष्ट पनीर और दाल की सब्ज़ी, सलाद, चावल और चपाती परोसी गई, जिसने सभी का दिल जीत लिया।
शाम के समय आइसक्रीम के साथ पिकनिक का समापन हुआ।
थकान के बावजूद विद्यार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। यह पिकनिक न केवल मनोरंजन का साधन बनी,बल्कि आपसी सहयोग,आत्मविश्वास और जीवन के छोटे-छोटे पलों का आनंद लेना भी सिखा गई।
इस सफल और यादगार पिकनिक के लिए सभी अध्यापकों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक धन्यवाद। 🌸

Font Resize
Contrast