राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ का ’’59वाँ स्थापना दिवस’’ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न।

गणगौरी बाजार जयपुर स्थित राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ परिसर में संघ का 59वाँ स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय जस्टिस जे.के. राकां रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री एन.के. सेठी (अध्यक्ष, महावीर इंटरनेशनल संस्था) ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अशोक राकां (सचिव, महावीर इंटरनेशनल संस्था), श्रीमती निर्मला सेठी एवं श्रीमती सुशीला गुलेछा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत के साथ की गई।
इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर संस्था द्वारा नव-क्रय किए गए नये भवन का उद्घाटन किया गया, साथ ही असिस्टिव टेक्नोलॉजी लैब का भी शुभारंभ किया गया। इस लैब से लो-विजन एवं नेत्रहीन विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की सहायता से शिक्षा ग्रहण करने में विशेष सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में संस्था सचिव श्री सी.पी. श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्था की वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी तथा आने वाले समय के लिए संस्था का दूरदर्शी विजन भी रखा। उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा,आत्मनिर्भरता एवं तकनीकी सशक्तिकरण के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
अतिथियों ने अपने आशीर्वचन एवं संबोधन में संस्था के कार्यों की सराहना की।
मुख्य अतिथि जस्टिस जे.के. राकां ने कहा कि “नेत्रहीन विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और संसाधनों की है। राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।”
अध्यक्षता कर रहे श्री एन.के. सेठी ने कहा कि “सेवा ही सच्चा धर्म है और यह संस्था वर्षों से समाज के वंचित वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।”
विशिष्ट अतिथि श्री अशोक राकां ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय की कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पैरा यूथ गेम्स में पदक विजेता प्रवीण शर्मा एवं हेमन्त कुमार मीना का सम्मान रहा, जिनकी उपलब्धियों ने सभी को प्रेरित किया।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, भजन एवं देशभक्ति गीतों ने समूचे वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम में संस्थाध्यक्ष डॉ. पी.सी. जैन, उपाध्यक्ष श्री विनय कुमार जौली, महेंद्र गर्ग, कोषाध्यक्ष श्री सुभाष पारीक, संयुक्त सचिव श्री धनकुमार जैन, श्री राजेश जोशी, श्री प्रतीक अग्रवाल, श्री सुनील संथानी, श्री बिन्नी गुप्ता, प्रधानाचार्य धर्मराज गुर्जर सहित अध्यापकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
