• Home
  • Category: Uncategorized

राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ में “गृह विज्ञान’ प्रोजेक्ट का शुभारंभ

राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ में गृह विज्ञान प्रोजेक्ट का शुभारंभ
राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ परिसर में गृह विज्ञान प्रोजेक्ट का भव्य शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रेणु जी राकां रहीं। अध्यक्षता श्रीमती ज्योत्सना सक्सैना जी (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य) ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रकाश जी नागौरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ, जिससे अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
संस्था सचिव श्री सी.पी. श्रीवास्तव जी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था की निरंतर प्रगति और नवीन योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थी, संस्थापधाधिकारी एवं अध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य धर्मराज गुर्जर ने किया।
गृह विज्ञान प्रोजेक्ट के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन कौशल प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ स्वावलंबी जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

https://www.youtube.com/post/Ugkxgo6ItxWS4ed4X181GBcWODngTj4UmjVm

“रोमांच, आनंद और यादों से भरी पिकनिक”

🎉 रोमांच, आनंद और यादों से भरी पिकनिक 🎉
राजस्थान नेत्रहीन विद्यालय के विद्यार्थियों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पिकनिक का भरपूर आनंद उठाया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों का दल जयपुर से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित सनराइज वाटर पार्क एवं रिसोर्ट पहुँचा,जो अपनी भव्यता, हरियाली और मनोरम वातावरण के लिए प्रसिद्ध है।
सुबह-सुबह उत्साह से भरे विद्यार्थियों का स्वागत स्वादिष्ट नाश्ते से हुआ।
गरमागरम पकौड़ी,चाय और कोल्ड ड्रिंक ने यात्रा की थकान पलभर में दूर कर दी।
इसके बाद शुरू हुआ मस्ती और रोमांच का सिलसिला। विद्यार्थियों ने इनडोर एक्टिविटीज़ के साथ-साथ ऊँटगाड़ी राइड और हॉर्स राइड का खूब आनंद लिया,जो उनके लिए एक अनोखा अनुभव रहा।
रिसोर्ट का स्विमिंग पूल विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहा।
रंग-बिरंगी स्लाइड्स पर फिसलते हुए बच्चों की हँसी पूरे वातावरण को जीवंत बना रही थी।
डीजे पर बजते राजस्थानी गीतों पर विद्यार्थियों ने जमकर नृत्य किया और पिकनिक के हर पल को यादगार बना दिया।
रिसोर्ट की प्रसिद्ध ऑक्सीजन वैली अपनी प्राकृतिक सुंदरता से सभी को मोहित कर गई।
झूले, मंकी माउस, ट्रेन राइड जैसी गतिविधियों ने बच्चों के उत्साह को और बढ़ा दिया। दोपहर के भोजन में स्वादिष्ट पनीर और दाल की सब्ज़ी, सलाद, चावल और चपाती परोसी गई, जिसने सभी का दिल जीत लिया।
शाम के समय आइसक्रीम के साथ पिकनिक का समापन हुआ।
थकान के बावजूद विद्यार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। यह पिकनिक न केवल मनोरंजन का साधन बनी,बल्कि आपसी सहयोग,आत्मविश्वास और जीवन के छोटे-छोटे पलों का आनंद लेना भी सिखा गई।
इस सफल और यादगार पिकनिक के लिए सभी अध्यापकों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए विद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक धन्यवाद। 🌸

राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ का ’’59वाँ स्थापना दिवस’’ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न।

 

गणगौरी बाजार जयपुर स्थित राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ परिसर में संघ का 59वाँ स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय जस्टिस जे.के. राकां रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री एन.के. सेठी (अध्यक्ष, महावीर इंटरनेशनल संस्था) ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अशोक राकां (सचिव, महावीर इंटरनेशनल संस्था), श्रीमती निर्मला सेठी एवं श्रीमती सुशीला गुलेछा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत के साथ की गई।
इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर संस्था द्वारा नव-क्रय किए गए नये भवन का उद्घाटन किया गया, साथ ही असिस्टिव टेक्नोलॉजी लैब का भी शुभारंभ किया गया। इस लैब से लो-विजन एवं नेत्रहीन विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की सहायता से शिक्षा ग्रहण करने में विशेष सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में संस्था सचिव श्री सी.पी. श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्था की वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी तथा आने वाले समय के लिए संस्था का दूरदर्शी विजन भी रखा। उन्होंने बताया कि संस्था शिक्षा,आत्मनिर्भरता एवं तकनीकी सशक्तिकरण के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
अतिथियों ने अपने आशीर्वचन एवं संबोधन में संस्था के कार्यों की सराहना की।
मुख्य अतिथि जस्टिस जे.के. राकां ने कहा कि “नेत्रहीन विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और संसाधनों की है। राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।”
अध्यक्षता कर रहे श्री एन.के. सेठी ने कहा कि “सेवा ही सच्चा धर्म है और यह संस्था वर्षों से समाज के वंचित वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।”
विशिष्ट अतिथि श्री अशोक राकां ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय की कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पैरा यूथ गेम्स में पदक विजेता प्रवीण शर्मा एवं हेमन्त कुमार मीना का सम्मान रहा, जिनकी उपलब्धियों ने सभी को प्रेरित किया।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, भजन एवं देशभक्ति गीतों ने समूचे वातावरण को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम में संस्थाध्यक्ष डॉ. पी.सी. जैन, उपाध्यक्ष श्री विनय कुमार जौली, महेंद्र गर्ग, कोषाध्यक्ष श्री सुभाष पारीक, संयुक्त सचिव श्री धनकुमार जैन, श्री राजेश जोशी, श्री प्रतीक अग्रवाल, श्री सुनील संथानी, श्री बिन्नी गुप्ता, प्रधानाचार्य धर्मराज गुर्जर सहित अध्यापकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

प्रथम राज्यस्तरीय जूनियर व सब-जूनियर प्रतियोगिता – 2023

राजस्थान नेत्रहीन विद्यालय ने जीते 38 पदक – आर्यन स्पोर्ट्स स्कूल में आयोजित प्रथम राज्यस्तरीय जूनियर व सब जूनियर प्रतियोगिता 2023 में राजस्थान नेत्रहीन उच्च माध्यमिक विद्यालय, जयपुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 पदक जीते, इनमें 19 स्वर्ण, 12 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल है । संस्था के सचिव जे. एन. भार्गव ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के 12 दिव्यांग दृष्टीबाधित छात्र-छात्राओं ने कोच महेंद्र कुमार के नेतृत्व में कठिन परिश्रम कर यह मुकाम हासिल किया । छात्रों की सफलता पर अध्यक्ष सीपी श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष सुभाष पारीक, प्रधानाचार्य धर्मराज गुर्जर मेनेजर ओमप्रकाश निर्वाण, सूरज सिंह चौहान ने भी बधाई दी हैं।

AICB National Braille Reading & Writing Competition

दिनांक 4 जनवरी 2023 को लुई ब्रेल जयन्ती पर AICB दिल्ली में आयोजित AICB National Braille reading and writing competition में विद्यालय के तीन छात्र व एक छात्रा ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया जिसमें छात्रा चंचल मोदी ने जूनियर हिंदी रिडिंग में द्वितीय स्थान, छात्र दिव्यांश चौधरी ने जूनियर इंग्लिश रिडिंग में द्वितीय व छात्र रोहित सैनी ने सीनियर हिन्दी रिडिंग में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

संस्था में जिम का उद्‌घाटन

दिनांक 09 दिसम्बर 2022 को संस्था में जिम का उद्‌घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विख्यात जवाहरात व्यवसायी एवं समाजसेवी सर्वश्री विनय कोठारी जी, कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था संरक्षक व प्रसिद्ध जवाहरात व्यवसायी प्रकाश कोठारी जी एवं विशिष्ट अतिथि नामी गिरामी व्यवसायी श्री सुशील जी मित्तल रहे। संस्था सचिव श्री जे.एन. भार्गव जी ने माला पहनाकर स्वागत किया तथा उसके बाद जिम का उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने जिम के उपकरणों का जायजा लिया तथा साथ में खिलाड़ियों से उनके खेल जीवन के अनुभवों पर विचार-विमर्श किया।

“आर्य निवास” में साइटसेवर्स संस्था द्वारा आयोजित कार्यशाला

दिनांक 17 नवम्बर 2022 को कक्षा तीन के छात्र लक्की वर्मा, कक्षा चार के छात्र गणेश गोतम, कक्षा पाँच के छात्र अभिषेक बुनकर, कक्षा छः के छात्र गुरुअंश चौधरी, कक्षा सात के छात्र प्रखर नाटाणी व कक्षा आठ के छात्र देव्यांश चौधरी ने होटल “आर्य निवास” में साइटसेवर्स संस्था द्वारा आयोजित कार्यशाला में भाग लिया। सभी छात्रों ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

 

जलंधर (पंजाब) में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता

दिनांक 11, 12, 13 नवम्बर 2022 को जलंधर (पंजाब) में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यालय के 11 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया जिसमें छात्र मो. जक्की ने जूनियर सुगम संगीत प्रतियोगिता मे स्वर्ण पदक प्राप्त किया, छात्र प्रवीण शर्मा को हिन्दी ब्रेल लेखन मे रजत पदक, छात्रा चंचल चौधरी को हिन्दी ब्रेल पठन में कांस्य पदक, छात्र लोकेन्द्र व मनोज ने सामान्य ज्ञान व विज्ञान प्रतियोगिता में तृतीय स्थान व छात्र रोहित को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप 500 रू की राशि दी गई।

 

स्वर्ण पदक विजेता सूरजभान मीना

दिनांक 12 नवम्बर 2022 को आसाम में आयोजित 22वीं नेशनल पैरा स्विमिंग प्रतियोगिता मे राजस्थान नेत्रहीन विद्यालय का छात्र सूरजभान मीना ने 2 स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय व माता -पिता का नाम रोशन किया है।

Font Resize
Contrast